महाविद्यालय में 26 जुलाई 2025 को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के साहस और पराक्रम को स्मरण करना था। प्राचार्य महोदया डॉ. अमृता एस. कस्तुरे द्वारा दीप प्रज्वलन एवं शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रगान एवं दो मिनट के मौन के पश्चात सहायक प्राध्यापक श्री पी. एस. चुरेन्द्र ने प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, कविता एवं भाषणों ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। अंत में सहायक प्राध्यापक श्री एस. डी. मरावी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।